हरदोई: पंखे में करंट उतरने से हादसा, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत; बचाने आई बेटी भी झुलसी

उप्र के हरदोई जनपद के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सहजनपुर गांव में शुक्रवार देर शाम को बिजली के करंट से एक पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई।

हरदोई: पंखे में करंट उतरने से हादसा, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत; बचाने आई बेटी भी झुलसी
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सहजनपुर गांव में शुक्रवार देर शाम को बिजली के करंट से एक पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई।

इस हादसे में माता-पिता को बचाने दौड़ी बेटी भी आंशिक रूप से करंट की चपेट में आ गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पाली थाना क्षेत्र के सहजनपुर गांव निवासी राम मोहन उर्फ बुद्धूलाल की पत्नी सरस्वती घर में टेबल फैन लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक पंखे में तेज करंट उतर आया, जिससे वह उसकी चपेट में आकर गिर पड़ीं। पत्नी को तड़पता देख पति राम मोहन उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन दुर्भाग्यवश वह भी करंट की चपेट में आ गए।

करंट इतना तेज था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। माता-पिता को करंट से छटपटाता देख उनकी बेटी भी उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ी, इस दौरान वह भी आंशिक रूप से करंट की चपेट में आकर झुलस गई।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बिजली की सप्लाई बंद कराई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला घरेलू बिजली उपकरण में करंट उतरने का प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतक दंपती के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।