रायबरेली: 16 लाख की चोरी का खुलासा, एक शातिर चोर व बाल अपचारी गिरफ्तार
उप्र के रायबरेली जनपद के डीह थाना क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के डीह थाना क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और चोरी किया गया धान बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 6 फरवरी 2026 को हाजीपुर गांव निवासी हरेंद्र सिंह ने थाना डीह में तहरीर देकर बताया था कि 5 फरवरी की रात वह परिवार सहित शादी समारोह में गया हुआ था।
6 फरवरी को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण व तीन बोरी धान चोरी हो चुके थे। मामले में थाना डीह पर मुकदमा संख्या 22/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक रायबरेली के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने 8 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए विजय कुमार उर्फ लल्लू पुत्र रामकुमार सरोज निवासी हाजीपुर को हाजीपुर जंगल के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके साथ एक बाल अपचारी की संलिप्तता भी सामने आई।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने रात करीब 10 बजे घर का ताला तोड़कर अलमारी से आभूषण और धान चोरी किया था तथा सामान जंगल में छिपा दिया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमके, पायल, बिछिया सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण, तीन बोरी धान और एक टॉर्च बरामद की है।


