एटा में बेकाबू कार का कहर, 5 जगह मचाया तांडव; दरोगा समेत 7 लोग गंभीर घायल

उप्र के एटा जनपद के थाना रिजोर क्षेत्र में मंगलवार को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने अलग-अलग स्थानों पर पांच घटनाओं को अंजाम देकर दहशत फैला दी।

एटा में बेकाबू कार का कहर, 5 जगह मचाया तांडव; दरोगा समेत 7 लोग गंभीर घायल
Published By- Diwaker Mishra

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट

एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद के थाना रिजोर क्षेत्र में मंगलवार को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने अलग-अलग स्थानों पर पांच घटनाओं को अंजाम देकर दहशत फैला दी। इन हादसों में एक बुजुर्ग महिला, एक बच्ची, एक युवक और एक दरोगा व दो सिपाही कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पहला हादसा: बुआ-भतीजे और भतीजी को मारी टक्कर

सुबह करीब 11 बजे थाना एका, जनपद फिरोजाबाद के गांव नगला राजाराम निवासी हेमंत (25 वर्ष) अपनी बुआ ओमवती (65 वर्ष) और भतीजी वर्तिका (12 वर्ष) के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

ओमवती 15 दिन पहले अपने मायके आई थीं और मंगलवार को वापस जा रही थीं। इसी दौरान बाकलपुर के पास, जो थाना रिजोर क्षेत्र से करीब 7 किलोमीटर दूर है, एटा की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल उन्हें एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कार चालक का पीछा शुरू किया। लेकिन यही पीछा आगे और खतरनाक घटनाओं की वजह बन गया।

दूसरा घटनाक्रम: रजपुरा में फिर मचा कहर

भागते हुए कार चालक ने थाना रिजोर से शिकोहाबाद रोड पर करीब 3 किलोमीटर दूर गांव रजपुरा के पास एक और हादसा कर दिया। यहां उसने एक अन्य वाहन को टक्कर मारते हुए बाइक सवार कुलदीप (35), निवासी कल्याणपुर, कोतवाली देहात को भी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस वाहन भी हुआ हादसे का शिकार

पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी को कार चालक ने तेज रफ्तार में ओवरटेक किया, जिससे पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। इस हादसे में उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल रोहित और चालक ऋषिपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

कैंटर भी हुआ अनियंत्रित

इसी दौरान रजपुरा स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास सीएनजी खाली कर लौट रहे एक कैंटर को भी स्विफ्ट कार ने ओवरटेक किया, जिससे कैंटर भी अनियंत्रित होकर खाई में उतर गया। हालांकि इस घटना में बड़ा हादसा टल गया।

चश्मदीदों के बयान

कैंटर चालक आलोक कुमार के अनुसार, “पुलिस कार का पीछा कर रही थी, तभी स्विफ्ट कार ने अचानक ओवरटेक किया, जिससे पुलिस वाहन कैंटर से टकरा गया और दोनों अनियंत्रित होकर खाई में चले गए।वहीं स्थानीय निवासी अमन धाकरे ने बताया कि तेज रफ्तार और जल्दबाजी में किया गया पीछा ही हादसों की बड़ी वजह बना।

घायलों की हालत गंभीर

सभी घायलों को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने हेमंत और वर्तिका की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

आरोपी हिरासत में, लेकिन पुलिस पर सवाल

पुलिस ने स्विफ्ट कार चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह तेज रफ्तार में पीछा करना और बिना पर्याप्त नियंत्रण के ऑपरेशन चलाना, हादसों को और बढ़ावा दे गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की जा रही है।