बहराइच: शादी वाले घर में भीषण आग, दो बेटियों का दहेज और नगदी जलकर राख; कई लोग झुलसे

उप्र के बहराइच जनपद के फखरपुर थाना क्षेत्र के पट्टी कमालपुर गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दुल्हनों के घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग में दो बेटियों की शादी का सामान, नकदी और घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

बहराइच: शादी वाले घर में भीषण आग, दो बेटियों का दहेज और नगदी जलकर राख; कई लोग झुलसे
Published By- Diwaker Mishra

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट

बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद के फखरपुर थाना क्षेत्र के पट्टी कमालपुर गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दुल्हनों के घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग में दो बेटियों की शादी का सामान, नकदी और घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

सहज राम चौहान की बेटियों सरिता और सावित्री की शादी 7 जुलाई को होनी थी। बारात आने से पहले अज्ञात कारणों से घर में आग लग गई। आग में करीब 50 हजार रुपये की नकदी सहित शादी का सामान जल गया।

आग बुझाने और सामान बचाने के प्रयास में कई ग्रामीण झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया और शादी की तैयारियां दोबारा शुरू की गईं। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।

वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक कोई राजस्व अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। फिलहाल परिवार और ग्रामीण हर संभव प्रयास कर दोनों बेटियों की शादी संपन्न कराने में जुटे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मायूसी का माहौल है।