राशन डीलरों ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के समर्थन में सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग
राशन डीलरों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही झूठे आरोप लगाकर माहौल खराब करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुजफ्फरनगर / जनमत न्यूज। जनपद में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आशीष श्रीवास्तव पर लगाए गए रिश्वतखोरी के आरोपों के बाद अब मामला नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। जिले के कई राशन डीलरों ने एकजुट होकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए अधिकारी के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है।
राशन डीलरों का कहना है कि कुछ माफिया प्रवृत्ति के लोग ईमानदार अधिकारियों को झूठे आरोपों में फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका आरोप है कि विभागीय कार्रवाई या निजी स्वार्थ पूरे न होने पर कुछ लोग अधिकारियों की छवि खराब करने के लिए साजिश रचते हैं।
गौरतलब है कि राशन डीलर श्रीकांत द्वारा क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आशीष श्रीवास्तव पर रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप लगाए गए थे। हालांकि इसके बाद एक वीडियो वायरल हुआ, जिसके सामने आने के बाद पूरे मामले का माहौल बदल गया। वीडियो वायरल होने के बाद कई राशन डीलरों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अधिकारी के समर्थन में खुलकर मोर्चा संभाल लिया।
ज्ञापन देने पहुंचे डीलरों ने कहा कि आशीष श्रीवास्तव विभाग में पारदर्शिता और सख्ती के साथ कार्य कर रहे हैं, जिससे गलत कार्य करने वाले लोगों में बेचैनी है। उनका कहना था कि ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों को बदनाम करने की कोशिश बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
राशन डीलरों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही झूठे आरोप लगाकर माहौल खराब करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।
डीलरों ने यह भी कहा कि यदि बिना जांच के अधिकारियों पर कार्रवाई की जाती है तो इससे ईमानदारी से काम करने वाले कर्मचारियों का मनोबल कमजोर होगा। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि पूरे मामले की निष्पक्षता के साथ जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।
फिलहाल यह मामला जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है और राशन डीलरों के खुलकर सामने आने के बाद पूरे प्रकरण ने नया प्रशासनिक और राजनीतिक रंग ले लिया है।

Janmat News 
