महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता, 101 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद
बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई की आमजन द्वारा सराहना की जा रही है।
महराजगंज से नवीन प्रकाश मिश्र की रिपोर्ट —
महराजगंज / जनमत न्यूज। महराजगंज पुलिस की सर्विलांस सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और सर्विलांस की मदद से 101 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई की आमजन द्वारा सराहना की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल नेतृत्व में की गई। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और सर्विलांस सिस्टम का प्रभावी उपयोग करते हुए गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रैक किया और उन्हें बरामद करने में सफलता हासिल की।
सर्विलांस सेल की टीम ने लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के माध्यम से अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए। इसके बाद आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए।
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने महराजगंज पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल संबंधित थाने या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


