गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, गलत दिशा से आई कार से टक्कर में पिता-पुत्री की मौत, कई घायल

हादसा गलत दिशा से आ रही पोलो कार और नोएडा से लखनऊ जा रही मर्सिडीज कार की आमने-सामने की टक्कर से हुआ।

गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, गलत दिशा से आई कार से टक्कर में पिता-पुत्री की मौत, कई घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —

संभल/जनमत न्यूज। गंगा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गलत दिशा से आ रही पोलो कार और नोएडा से लखनऊ जा रही मर्सिडीज कार की आमने-सामने की टक्कर से हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और एक्सप्रेसवे के आसपास के ग्रामीण राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 7 बजे थाना कैला देवी क्षेत्र के गांव अजरा के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक एक पोलो कार गलत दिशा से गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ गई थी। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार मर्सिडीज कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में मृतकों की पहचान चंदौसी निवासी डॉ. अरविंद कुमार और उनकी बेटी यामिनी के रूप में हुई है। बताया गया कि दुर्घटना के बाद डॉ. अरविंद कुमार करीब आधे घंटे तक वाहन में फंसे रहे। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घायलों में डॉ. अरविंद कुमार की पत्नी मोना, दिल्ली के हरिनगर वेस्ट निवासी प्रिया और उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी सुकछरिता शामिल हैं। इसके अलावा मर्सिडीज कार में सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जिला अस्पताल के डॉक्टर चमन प्रकाश ने बताया कि हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की आवश्यकता है, लेकिन अभी तक कुछ परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे हैं।

कैला देवी थाना प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पोलो कार गलत दिशा से एक्सप्रेसवे पर आ रही थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को हायर सेंटर रेफर करने की प्रक्रिया जारी है।