ओवैसी-कबीर गठबंधन पर सपा की प्रतिक्रिया: वोट न बंटें, BJP हटे; ममता की जीत ज़रूरी

पश्चिम बंगाल में असदुद्दीन ओवैसी और हुमायूँ कबीर के बीच संभावित गठबंधन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।

ओवैसी-कबीर गठबंधन पर सपा की प्रतिक्रिया: वोट न बंटें, BJP हटे; ममता की जीत ज़रूरी
Published By- Diwaker Mishra

सम्भल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट 

सम्भल/जनमत न्यूज़। पश्चिम बंगाल में असदुद्दीन ओवैसी और हुमायूँ कबीर के बीच संभावित गठबंधन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सम्भल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने साफ कहा कि विपक्षी वोटों का बंटवारा नहीं होना चाहिए, बल्कि सभी का फोकस नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी को रोकने पर होना चाहिए।

बर्क ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में BJP सरकारों ने हालात बिगाड़े हैं। उन्होंने कहा, “अधिकारों का हनन हुआ है, ज़्यादती बढ़ी है, कानून की धज्जियाँ उड़ाई गई हैं और संविधान को नज़रअंदाज़ किया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष को एकजुट होकर BJP को कमजोर करने की रणनीति बनानी चाहिए। बर्क के मुताबिक, INDIA गठबंधन को मजबूत करना समय की मांग है और वोटों का बिखराव विपक्ष के लिए नुकसानदेह साबित होगा।

पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए बर्क ने ममता बनर्जी का समर्थन किया और कहा कि उनकी जीत ज़रूरी है, क्योंकि वे जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही हैं।

बर्क ने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही कुछ दल अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हों, लेकिन मौजूदा सियासी हालात में सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए विपक्षी एकता बेहद अहम है।