उरई: प्रीपेड मीटर के विरोध में सड़कों पर उतरे उपभोक्ता, कहा- मीटर से हो रहा धन का दोहन

उप्र के उरई जनपद में प्रीपेड विद्युत आपूर्ति में लगातार हो रही अव्यवस्थाओं से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा।

उरई: प्रीपेड मीटर के विरोध में सड़कों पर उतरे उपभोक्ता, कहा- मीटर से हो रहा धन का दोहन
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद में प्रीपेड विद्युत आपूर्ति में लगातार हो रही अव्यवस्थाओं से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। कुठौंद स्थित उपखंड कार्यालय का ग्रामीणों ने घेराव कर जोरदार नारेबाजी की और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से बिजली आपूर्ति अनियमित हो गई है। बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक बिजली काट दी जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यदि 500 रुपये का बैलेंस डलवाने के बाद बिजली चालू भी हो जाती है, तो अगले ही दिन बैलेंस में करीब 200 रुपये की कमी दिखने लगती है, जो समझ से परे है। इससे उपभोक्ताओं में अविश्वास और नाराजगी बढ़ रही है।

घेराव और हंगामे की सूचना पर उपखंड अधिकारी और अवर अभियंता मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा और स्मार्ट मीटर से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ियों को ठीक किया जाएगा।

आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।