हाईवे किनारे सो रहे पिता और मासूम बेटी को कार ने रौंदा, दोनों की दर्दनाक मौत
हाईवे किनारे चारपाई पर पिता पुत्री को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि कार ने पास खड़े ई-रिक्शा को पलटते हुए एक इलेक्ट्रिक पोल से जा टकराई।
संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —
संभल / जनमत न्यूज। संभल जनपद में दिल्ली-बदायूं हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और आठ वर्षीय मासूम बेटी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार जुनाबई थाना क्षेत्र के दुवारीकला गांव के पास पिता और बेटी रात करीब 12 बजे हाईवे किनारे चारपाई पर सो रहे थे। तभी तेज रफ्तार और ओवरस्पीड कार ने दोनों को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि कार ने पास खड़े ई-रिक्शा को भी पलट दिया और एक इलेक्ट्रिक पोल से जा टकराई।
घटना के बाद परिजन दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने पिता और बेटी को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार सहित चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Janmat News 
