संभल: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन मुस्तैद, डीएम-एसपी ने की पैदल गश्त
उप्र के संभल जनपद में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मोहर्रम से पहले जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की।
इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे का माहौल बनाए रखने की अपील की। मोहर्रम पर्व के मद्देनजर जनपद संभल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
गुरुवार को जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पुलिस बल के साथ थाना हयातनगर, नखासा, संभल और रायसत्ती क्षेत्र में पैदल गश्त की।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं तथा मोहर्रम आयोजन समितियों के पदाधिकारियों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने सभी से पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की।
अधिकारियों ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करने तथा ऐसी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को देने का आग्रह किया। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की।
पुलिस प्रशासन के अनुसार संवेदनशील स्थलों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है तथा सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां और सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।


