शाहजहांपुर: गंगा एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर, खाई में पलटी कार; महिला की मौत, तीन गंभीर घायल

उप्र के शाहजहांपुर से गुजर रहे गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा में लापरवाही के चलते हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

शाहजहांपुर: गंगा एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर, खाई में पलटी कार; महिला की मौत, तीन गंभीर घायल
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव कुमार शुक्ला की रिपोर्ट

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर से गुजर रहे गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा में लापरवाही के चलते हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जलालाबाद थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई।

हादसे में कार सवार एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

खास बात यह है कि इसी एक्सप्रेसवे पर बीती रात भी एक हादसे में ट्रक के कंडक्टर और क्लीनर की जान जा चुकी है। महज 24 घंटे के भीतर हुए दो हादसों ने एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, कार सवार सभी लोग नोएडा से अयोध्या जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार शाहजहांपुर के जलालाबाद थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंची, अचानक गाड़ी के पहिए जाम होने की बात सामने आई। तेज रफ्तार के चलते चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार कई बार पलटते हुए सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया।

हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जलालाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं, इस हादसे से एक दिन पहले देर रात इसी एक्सप्रेसवे पर ट्रक के कंडक्टर और क्लीनर की सड़क हादसे में मौत हो गई थी।

लगातार हो रहे हादसे गंगा एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। आखिर एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए क्या पर्याप्त इंतजाम हैं?

क्या तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा होगी? 24 घंटे के भीतर दो हादसों ने जिम्मेदार अधिकारियों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।