अमेठी में कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, निरीक्षण में मिली अनियमितता; नोटिस जारी

उप्र के अमेठी जनपद में किसानों को उनकी मांग के अनुरूप निर्धारित दरों पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की अनिवार्य टैगिंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह निरंजन ने 26 जुलाई  को विभागीय टीम के साथ विभिन्न उर्वरक, बीज एवं कीटनाशी प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

अमेठी में कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, निरीक्षण में मिली अनियमितता; नोटिस जारी
Published By- Diwaker Mishra

अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट

अमेठी/जनमत न्यूज़। उप्र के अमेठी जनपद में किसानों को उनकी मांग के अनुरूप निर्धारित दरों पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की अनिवार्य टैगिंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह निरंजन ने 26 जुलाई  को विभागीय टीम के साथ विभिन्न उर्वरक, बीज एवं कीटनाशी प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

मिली जानकारी के मुताबिक निरीक्षण के दौरान मेसर्स किसान एग्री जंक्शन केंद्र, टीकरमाफी का रेट बोर्ड प्रदर्शित नहीं पाया गया। वहीं मेसर्स महेश ट्रेडर्स, टीकरमाफी का उर्वरक प्रतिष्ठान बंद मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।

इसके अतिरिक्त शिवा बीज भंडार टीकरमाफी तथा मौर्या बीज भंडार, अयोध्या नगर के निरीक्षण में उपलब्ध कीटनाशियों के संबंध में आवश्यक अभिलेख एवं रेडी स्टॉकपत्र प्रस्तुत न किए जाने पर दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 11,791.356 मीट्रिक टन यूरिया, 4,156.511 मीट्रिक टन डीएपी तथा 2,009.838 मीट्रिक टन एनपीके उर्वरक उपलब्ध हैं।

जिनकी बिक्री किसानों के मध्य नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय से गुणवत्तापूर्ण कृषि निवेश उपलब्ध कराने तथा अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा।