मुजफ्फरनगर: मकान बेचने के नाम पर 7 लाख रुपये लेने का आरोप, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना छपार क्षेत्र में मकान बेचने के नाम पर लाखों रुपये लेने और बाद में मकान आरोपी के नाम पर ही नहीं होने की जानकारी मिलने का मामला सामने आया है।

मुजफ्फरनगर: मकान बेचने के नाम पर 7 लाख रुपये लेने का आरोप, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना छपार क्षेत्र में मकान बेचने के नाम पर लाखों रुपये लेने और बाद में मकान आरोपी के नाम पर ही नहीं होने की जानकारी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित मोईन पुत्र शमशाद ने लिखित प्रार्थना पत्र देकर जनपद के शासन-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित के अनुसार, मोहम्मद ताजिम पुत्र राशीद अहमद ने मकान बेचने के नाम पर उससे 7 लाख रुपये बयाने के तौर पर लिए। पीड़ित का दावा है कि इसमें करीब 5 लाख रुपये ऑनलाइन दिए गए, जबकि शेष रकम नकद दी गई। पीड़ित ने भुगतान से संबंधित प्रमाण अपने पास होने की बात कही है।

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि बाद में पीड़ित को जानकारी हुई कि जिस मकान को बेचने के नाम पर रकम ली गई, वह कथित रूप से आरोपी के नाम पर नहीं है। पीड़ित ने इसे अपने साथ धोखाधड़ी बताते हुए मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित का आरोप है कि जब वह आरोपी से अपनी रकम वापस मांगता है तो कथित रूप से उसे धमकी दी जाती है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।

मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने लिखित प्रार्थना पत्र के माध्यम से मुजफ्फरनगर के शासन-प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की है।

नोट: खबर में लगाए गए आरोप पीड़ित द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि संबंधित पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।