अयोध्या जिला अस्पताल के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर, दो महीने का वेतन न मिलने से हैं नाराज
उप्र की रामनगरी अयोध्या जिला अस्पताल में वेतन न मिलने से नाराज सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। सफाई कर्मचारियों ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र की रामनगरी अयोध्या जिला अस्पताल में वेतन न मिलने से नाराज सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। सफाई कर्मचारियों ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।
कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जिला अस्पताल परिसर में जगह-जगह कूड़े का अंबार लग गया है। सफाई कर्मियों का आरोप है कि उन्हें सितंबर से पिछले दो महीने का वेतन नहीं मिला है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले आठ से नौ महीने से उनका पीएफ (PF) नहीं काटा गया है।
सफाई कर्मचारियों के मुताबिक, उनका मासिक वेतन महज 7,200 रुपये है, जिसमें से भी कटौती की जाती है। कर्मचारियों की मांग है कि उनका बकाया वेतन जल्द जारी किया जाए और भविष्य में समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
कर्मचारियों ने सुपरवाइजर तिवारी पर वेतन के संबंध में पूछने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि उन्हें पिटवाने की धमकी दी गई। वेतन और कथित धमकी से नाराज सफाई कर्मचारी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर धरने पर बैठ गए हैं।
सफाई कर्मचारियों का कहना है कि जब तक बकाया वेतन नहीं मिलेगा, तब तक वे सफाई का काम शुरू नहीं करेंगे। हड़ताल के बीच अस्पताल परिसर में साफ-सफाई प्रभावित हो रही है।



