हाथरस: डीएम-एसपी ने कोचिंग सेंटर का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

उप्र के हाथरस जनपद में सार्वजनिक सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने संचालित पुस्तकालय/कोचिंग सेंटर आदि का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

हाथरस: डीएम-एसपी ने कोचिंग सेंटर का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
Published By- Diwaker Mishra

हाथरस से होमेश मिश्रा की रिपोर्ट

हाथरस/जनमत न्यूज़। उप्र के हाथरस जनपद में सार्वजनिक सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने संचालित पुस्तकालय/कोचिंग सेंटर आदि का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रोग्रेस पॉइंट लाइब्रेरी, भारद्वाज लाइब्रेरी तथा प्रेमहरि लाइब्रेरी का स्थलीय निरीक्षण किया, जहां पर पाया गया कि सभी लाइब्रेरी बेसमेंट में संचालित हैं।

जिलाधिकारी ने लाइब्रेरी संचालकों से वार्ता कर उनसे विनियमित क्षेत्र से जारी नक्शे, फायर सेफ्टी अनापत्ति प्रमाण पत्र, विद्युत उपकरणों का सत्यापन आदि के संबंध में जानकारी करते हुए कहा कि शासनादेश के अनुसार बेसमेंट में कोई व्यवसायिक गतिविधि संचालित नहीं की जा सकती है।

जिलाधिकारी ने लाइब्रेरी संचालकों को तत्काल लाइब्रेरी को बंद करने तथा छात्र-छात्राओं की फीस वापस करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भवन मानचित्र में बेसमेंट सामान्यतः पार्किंग, स्टोर अथवा शौचालय आदि के लिए स्वीकृत किया जाता है।

यदि किसी भी बेसमेंट में इन स्वीकृत उपयोगों के अतिरिक्त कोई व्यवसायिक गतिविधि संचालित पाई जाती है अथवा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध अग्नि सुरक्षा एवं भवन उपविधियों के प्रावधानों के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन प्रतिष्ठानों को पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके हैं और निर्धारित समयावधि में कमियों का निस्तारण न करने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी संस्थान एवं प्रतिष्ठान संचालक अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, पार्किंग एवं अन्य निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन करना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वि./रा., उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अग्निशमन अधिकारी आदि उपस्थित रहे।