यूपी के इस मंदिर से लाखों की हुई चोरी
बाराबंकी (जनमत) :- यूपी के बाराबंकी में कोतवाली क्षेत्र में लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र औसानेश्वर मंदिर में मंगलवार की रात बदमाशों ने गेट का ताला व चैनल तोड़कर गर्भगृह से 20 लाख रुपए से अधिक की चांदी व दान पात्र में मौजूद नकदी चोरी कर ली। घटना की सूचना पाकर एएसपी व सीओ समीर सिंह एवं एसडीएम राजेश विश्वकर्मा सहित कई पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
इसी के साथ ही पुलिस ने मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय गिरी की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।मंदिर के पुजारी शिवम गिरी पूजा के लिए भोर में साढ़े चार बजे मंदिर परिसर में पहुंचे तो देखा गर्भ गृह का चैनल टूटा था। अंदर भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग के ऊपर लगा चांदी का छत्र एवं अरघा में जड़ी चांदी बदमाश उखाड़ ले गए। दान पात्र भी टूटा मिला। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों से पता चला कि ढाई बजे एक बदमाश मंदिर के गर्भगृह में पहुंच कर सबसे पहले शिवलिंग के छत्र को काटा। उसके बाद अरघा में लगी चांदी उखाड़ना शुरू किया।
साथ ही मंकी कैप लगाकर मंदिर के गर्भ गृह में घुसे बदमाश ने डेढ़ घंटे तक लोहे की रॉड से शिवलिंग के अरघा में जड़ी लगभग आठ किलो चांदी उखाड़ी। इस दौरान बदमाश ने मंदिर के दक्षिणी द्वार के दोनों मुख्य गेटों को अंदर से बंद रखा था। ढाई बजे दक्षिणी द्वार के गेट का ताला तोड़कर अंदर गया बदमाश डेढ़ घंटे बाद लगभग चार बजे उत्तरी द्वार को खोलकर बाहर निकल गया।

Janmat News 
