फर्रुखाबाद: डंपर की टक्कर से कांवड़िए की दर्दनाक मौत, गुस्साए साथियों ने हाईवे पर लगाया जाम
उप्र के फर्रुखाबाद जनपद के इटावा-बरेली हाईवे पर गांधी गांव के निकट गुरुवार देर रात तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से डाक कांवड़ लेकर जा रहे 22 वर्षीय कांवड़िए शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से साथियों में आक्रोश फैल गया।
फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फर्रुखाबाद जनपद के इटावा-बरेली हाईवे पर गांधी गांव के निकट गुरुवार देर रात तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से डाक कांवड़ लेकर जा रहे 22 वर्षीय कांवड़िए शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से साथियों में आक्रोश फैल गया।
उन्होंने हाईवे पर जाम लगाकर डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की कतार लगभग पांच किलोमीटर तक पहुंच गई।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गढ़ा खेड़ा गांव निवासी शिवकुमार करीब 55 साथियों के साथ पांचाल घाट से डाक कांवड़ लेकर गोला जा रहे थे। गांधी गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।
सूचना पर राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन कांवड़िए चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
जाम की सूचना पर सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार और राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें समझाया और यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया। देर तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही।
परिजनों के अनुसार, शिवकुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। खबर लिखे जाने तक पुलिस परिजनों को समझाने और स्थिति सामान्य कराने में जुटी थी।




