शाहजहांपुर: पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के निधन पर सुरेश खन्ना ने दी श्रद्धांजलि, बोले- राजनीतिक जगत की अपूरणीय क्षति

उप्र के शाहजहांपुर जनपद के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव के निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

शाहजहांपुर: पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के निधन पर सुरेश खन्ना ने दी श्रद्धांजलि, बोले- राजनीतिक जगत की अपूरणीय क्षति
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट  

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव के निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

दिल्ली स्थित एम्स में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके पुत्र अजय प्रताप सिंह यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके निधन की जानकारी दी।

वीरेंद्र पाल सिंह यादव के निधन की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना बुधवार को उनके नियामतपुर स्थित आवास पर पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि वीरेंद्र पाल सिंह यादव का निधन राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि वीरेंद्र पाल सिंह यादव ने सार्वजनिक जीवन में रहकर संगठन और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से उत्पन्न रिक्तता की भरपाई आसान नहीं है।

मंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

वीरेंद्र पाल सिंह यादव के निधन पर भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।