रायबरेली के बछरावां में बैंक के सामने से बाइक चोरी का सनसनीखेज मामला, सीसीटीवी फुटेज वायरल
उप्र के रायबरेली जनपद के बछरावां कस्बे में बाइक चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बंधन बैंक के सामने देखने को मिला।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के बछरावां कस्बे में बाइक चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बंधन बैंक के सामने देखने को मिला।
बैंक के बाहर खड़ी कर्मचारी की बाइक को चोर दिनदहाड़े अपना निशाना बनाकर फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो मंगलवार देर रात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
वायरल सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में सामने आया कि चोरी की गई बाइक बंधन बैंक बछरावां शाखा में कार्यरत कर्मचारी सुशील कुमार सिंह की है। पीड़ित के मुताबिक वह पिछले करीब एक वर्ष से बैंक शाखा में कार्यरत है।
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 अगस्त 2026 को वह अपनी बाइक बैंक के बाहर खड़ी करके अंदर काम करने चला गया था। कुछ देर बाद जब वह बाहर निकला तो बाइक मौके से गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद पीड़ित ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को देते हुए तहरीर दी। इधर, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस के सामने बाइक चोर तक पहुंचने का अहम सुराग भी आ गया है। फुटेज में चोर बाइक लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि बाइक चोरी की घटना की तहरीर प्राप्त हुई है। सीसीटीवी फुटेज को भी संज्ञान में लेकर जांच की जा रही है।
जल्द ही घटना का खुलासा कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज है। लोगों ने पुलिस से बाइक चोर की जल्द गिरफ्तारी और चोरी की गई बाइक बरामद किए जाने की मांग की है।




