T20 World Cup: भारत-पाकिस्तान का सेमीफाइनल खेलना मुश्किल, इंग्लैंड की जीत से बदला पूरा समीकरण
टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम सुपर-8 चरण की शुरुआत में ही अगर-मगर के डगर में फंस गई है।
नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम सुपर-8 चरण की शुरुआत में ही अगर-मगर के डगर में फंस गई है। जो टीम इस विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 7 विकेट पर 238, तीन विकेट पर 209 और पांच विकेट पर 271 रनों जैसे विशालकाय स्कोर बना रही थी, उसकी बल्लेबाजी अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऐसी ढही कि अब घर में ही सेमीफाइनल में पहुंचने के लाले पड़ गए हैं।
भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद थी कि दुनिया की नंबर वन टीम को घरेलू परिस्थितियों का फायदा मिलेगा लेकिन अब तक पांच में से चार मैच भारत में खेलने के बावजूद सूर्य कुमार यादव की टीम घर में बेघर जैसा महसूस कर रही है।
जिम्बाब्वे से भारत की अगली भिड़ंत
टीम इंडिया का अगला मैच गुरुवार को चेपक स्टेडियम में जिंबाब्वे के विरुद्ध खेलना है जिसमें सूर्यकुमार यादव को सिर्फ जीत नहीं बल्कि बड़ी जीत चाहिए क्योंकि इसके बाद भारत की भिड़ंत वेस्टइंडीज के साथ है। जिस लय में वेस्टइंडीज है, उनके विरुद्ध बहुत बड़ी जीत हासिल करना मुश्किल होगा।
सुपर-8 के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से हराया था, जिससे भारत का नेट रन रेट -3.800 हो गया है। भारतीय टीम ग्रुप एक में अभी तीसरे स्थान पर है, लेकिन अगर भारत सेमीफाइनल में पहुंचती भी है तो वह दूसरे नंबर पर रहेगी क्योंकि उसका नेट रन रेट अच्छा नहीं है।
पाकिस्तान की डगर भी मुश्किल
दूसरी ओर, कप्तान हैरी ब्रूक (100) की संयमित और धैर्यपूर्ण पारी के दम पर इंग्लैंड ने मंगलवार को टी-20 विश्व कप सुपर-8 मुकाबले में दो विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पाकिस्तान की इस हार के साथ ही अब सेमीफाइनल में भारत के साथ उसकी भिड़ंत मुश्किल हो गई है। दो मैचों में एक हार और एक मैच रद होने के बाद पाकिस्तान का एक ही अंक है। अब उसका केवल एक मैच श्रीलंका के खिलाफ शेष है। ऐसे में उसका अब अंतिम चार में पहुंचना बहुत मुश्किल हो गया है।

Janmat News 
