हरदोई में टड़ियावां थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह निलंबित, विभागीय जांच शुरू

पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि दूसरे पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

हरदोई में टड़ियावां थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह निलंबित, विभागीय जांच शुरू
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। जिले में कानून व्यवस्था को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने थाना टड़ियावां के थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार कोटरा क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में थानाध्यक्ष पर लापरवाही बरतने और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने के आरोप लगे हैं। बताया गया कि पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि दूसरे पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल सख्त रुख अपनाया और थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की। इसके अलावा एक अन्य प्रकरण में भी उनकी कार्यशैली पर सवाल खड़े हुए हैं।

सूत्रों के अनुसार एक पीड़िता के थाने पहुंचने के बावजूद उसके बयान समय से न्यायालय में दर्ज नहीं कराए गए, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई। इस लापरवाही को भी गंभीर माना गया है।

इन सभी आरोपों के आधार पर एसपी अशोक कुमार मीणा ने थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह को निलंबित करते हुए पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। साथ ही अन्य थाना प्रभारियों को भी अपने कार्य में पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।