पेट्रोल पंप पर युवक से मारपीट का आरोप, हेड कांस्टेबल का वीडियो वायरल
एक मजदूर युवक पेट्रोल पंप पर तेल लेने पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक हेड कांस्टेबल से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने युवक का कॉलर पकड़कर उसे घसीटा और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।
महराजगंज से नवीन प्रकाश मिश्र की रिपोर्ट —
महराजगंज/जनमत न्यूज। पेट्रोल-डीजल की किल्लत के बीच महराजगंज जिले में पुलिसकर्मी पर एक युवक के साथ मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एक मजदूर युवक पेट्रोल पंप पर तेल लेने पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक हेड कांस्टेबल से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने युवक का कॉलर पकड़कर उसे घसीटा और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक पुलिसकर्मी युवक का कॉलर पकड़कर खींचते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बताया जा रहा है कि आरोपी हेड कांस्टेबल Kolhui Police Station में तैनात है। हालांकि मामले में अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है और लोग संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Janmat News 
