आज देशभर में अदा की जाएगी अलविदा जुमा की नमाज़, मस्जिदों में उमड़ेगी अकीदतमंदों की भीड़
अलविदा जुमा की नमाज़ रमज़ान के पवित्र महीने के आखिरी जुमे को अदा की जाती है, जिसका मुस्लिम समाज में विशेष धार्मिक महत्व है।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —
बहराइच/जनमत न्यूज। रमज़ान के मुकद्दस महीने का आज आखिरी जुमा होने के कारण पूरे देश में अलविदा जुमा की नमाज़ अदा की जाएगी। इस मौके पर मुस्लिम समाज में विशेष उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में भी अलविदा जुमा की नमाज़ को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
शहर की बड़ी और छोटी सभी मस्जिदों में नमाज़ को लेकर साफ-सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सुबह से ही रोज़ेदार और नमाज़ी नए कपड़े पहनकर मस्जिदों की ओर रुख कर रहे हैं। मस्जिदों में नमाज़ अदा करने के लिए बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
अलविदा जुमा की नमाज़ रमज़ान के पवित्र महीने के आखिरी जुमे को अदा की जाती है, जिसका मुस्लिम समाज में विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन रोज़ेदार अल्लाह की बारगाह में देश की तरक्की, अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआएं मांगते हैं।
वहीं अलविदा जुमा के मद्देनजर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। बहराइच जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि नमाज़ शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
अलग-अलग मस्जिदों में अलग-अलग समय पर नमाज़ अदा की जाएगी। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों और मस्जिदों के आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और नमाज़ शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Janmat News 
