नरौली में 225 वर्ग मीटर में बने अवैध मदरसे पर प्रशासन का चला बुलडोजर

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार संबंधित निर्माण सरकारी जमीन पर अवैध रूप से किया गया था। पूर्व में नोटिस जारी कर संबंधित पक्ष को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था।

नरौली में 225 वर्ग मीटर में बने अवैध मदरसे पर प्रशासन का चला बुलडोजर
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —

सम्भल/जनमत न्यूज। सम्भल जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरौली नगर पंचायत में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 225 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्मित एक मदरसे को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती के बीच संपन्न हुई।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार संबंधित निर्माण सरकारी जमीन पर अवैध रूप से किया गया था। पूर्व में नोटिस जारी कर संबंधित पक्ष को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था। निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब न मिलने पर प्रशासन ने नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और तहसीलदार राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। संभावित विरोध की आशंका को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी को तैनात किया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जिले में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है और किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून के दायरे में रहकर ही सभी कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें तथा भूमि संबंधी किसी भी विवाद या निर्माण से पूर्व संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें।