कानपुर देहात: रनिया की मनटोरा ऑयल फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर मजदूर की मौत

उप्र के कानपुर देहात जनपद के रनिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित मनटोरा ऑयल फैक्ट्री में शुक्रवार को काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बॉयलर में भूसी डालते समय पैर फिसलने से 35 वर्षीय मजदूर सत्येंद्र कन्वेयर के करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा।

कानपुर देहात: रनिया की मनटोरा ऑयल फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर मजदूर की मौत
Published By- Diwaker Mishra

कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट

कानपुर देहात/जनमत न्यूज़। उप्र के कानपुर देहात जनपद के रनिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित मनटोरा ऑयल फैक्ट्री में शुक्रवार को काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बॉयलर में भूसी डालते समय पैर फिसलने से 35 वर्षीय मजदूर सत्येंद्र कन्वेयर के करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा।

हादसे में मजदूर सत्येंद्र की दर्दनाक मौत हो गई, घटना की खबर मिलते ही फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक सत्येंद्र पिछले करीब 9 वर्षों से मनटोरा ऑयल फैक्ट्री में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।

मजदूर की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी रोशनी देवी और छोटे भाई राहुल कुमार का रो-रोकर बुरा हाल रहा। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे व न्याय की मांग को लेकर फैक्ट्री के मुख्य गेट पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सूचना पर रनिया थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी भी मौके पर पहुंचे और फैक्ट्री प्रबंधन तथा पीड़ित परिवार के बीच मध्यस्थता कराई।

लंबी बातचीत के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद फैक्ट्री में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।