एसपी नेता के विवादित बयान से बवाल: वाल्मीकि समाज का प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग तेज
विवादित टिप्पणी के बाद वाल्मीकि समाज के लोगों में गहरा आक्रोश पनप गया। नाराज समुदाय के लोगों ने नगर में विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी व्यक्त की और कोतवाली पलिया में तहरीर देकर संबंधित नेता की गिरफ्तारी की मांग की।
लखीमपुर से लोकेन्द्र प्रताप की रिपोर्ट —
लखीमपुर खीरी/जनमत न्यूज। इंडो-नेपाल बॉर्डर के समीप स्थित पलिया शहर के समाजवादी पार्टी नेता रेहान खान द्वारा दिए गए विवादित बयान से जिले में तनाव का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि रेहान खान ने थाना मैलानी क्षेत्र के कुकरा कस्बे में आयोजित एक सभा के दौरान मनुस्मृति का हवाला देते हुए ब्राह्मण समाज एवं वाल्मीकि समाज की आपत्तिजनक तुलना कर डाली। उनका यह बयान देखते ही देखते सोशल मीडिया व स्थानीय क्षेत्रों में तेजी से फैल गया।
विवादित टिप्पणी के बाद वाल्मीकि समाज के लोगों में गहरा आक्रोश पनप गया। नाराज समुदाय के लोगों ने नगर में विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी व्यक्त की और कोतवाली पलिया में तहरीर देकर संबंधित नेता की गिरफ्तारी की मांग की। विरोध कर रहे लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो सफाई व्यवस्था ठप करते हुए हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे।
गौरतलब है कि विवाद बढ़ता देख रेहान खान ने अपना बयान सार्वजनिक रूप से वापस लेते हुए माफी भी मांगी है, लेकिन समुदाय के लोग उनकी गिरफ्तारी पर अड़े हुए हैं। वहीं राजनीतिक स्तर पर भी इस मुद्दे ने गर्मी पकड़ ली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी तक समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेताओं की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया न आना चिंताजनक है। फिलहाल, पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।

Janmat News 
