हरदोई में 48 घण्टे में तीसरी हत्या, खेत में मिला महिला का शव; सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट
उप्र के हरदोई जनपद में 48 घण्टे में हत्या की तीसरी वारदात हुई है। शाहाबाद थाना क्षेत्र के अमिरता गांव में खेत पर गई एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गयी।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में 48 घण्टे में हत्या की तीसरी वारदात हुई है। शाहाबाद थाना क्षेत्र के अमिरता गांव में खेत पर गई एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गयी।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। महिला प्याज़ बोने के लिए खेत पर गई थी, जहां अज्ञात हमलावरों ने सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार शाहाबाद थाना क्षेत्र के अमिरता गांव निवासी श्रीदेवी पत्नी सुरेश अपने दो बच्चों के साथ खेत में प्याज़ की बुवाई के लिए गई थी। उसके बच्चे घर खाना लेने आये और जब वापस खेत पर गए तो महिला नही मिली जिसके बाद दोनो बच्चे घर गए और सूचना दी जिसके बाद तलाश शुरू हुई।
बताया जाता है कि अकेली पाकर बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। घटनास्थल पर टूटी हुई चूड़ियां मिलने से अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला ने हमलावरों से बचने का प्रयास किया लेकिन हमलावरों ने उसे बेरहमी से मार डाला।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में सीओ आलोक राज नारायण भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की।
एसपी अशोक कुमार मीणा भी पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए हैं।

Janmat News 
