'ये सनातनियों की जीत, शाहरुख को...'; मुस्तफिजुर के IPL से बाहर होने पर बोले संगीत सोम

BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से बांग्लादेश के खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के लिए कहा है।

'ये सनातनियों की जीत, शाहरुख को...'; मुस्तफिजुर के IPL से बाहर होने पर बोले संगीत सोम
Published By- Diwaker Mishra

गाजियाबाद/जनमत न्यूज़। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से बांग्लादेश के खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के लिए कहा है।

इस फैसले का स्वागत करते हुए भाजपा नेता संगीत सोम ने इसे भारत के सभी हिंदुओं की जीत और सनातनियों की जीत करार दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस निर्णय से बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को समझ आ गया होगा कि भारत में रहकर सनातनियों से पंगा लेना सही नहीं है।

भाजपा नेता संगीत सोम ने कहा, 'BCCI ने जो निर्णय लिया है उसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। ये भारत के सभी हिन्दुओं की जीत है, सनातनियों की जीत है। शाह रुख खान को समझ में आ गया है कि भारत में रहकर सनातनियों से पंगा लेना या सनातनियों के विरुद्ध चलना सही नहीं रहेगा। उन्हें समझ आ गया है कि देश के सैकड़ों करोड़ लोग सनातनी हैं, उन्होंने ही उन्हें शाह रुख खान बनाया है।'

मुस्तफिजुर रहमान पर क्यों मचा बवाल?

बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर को KKR टीम में शामिल करने पर लगातार विवाद हो रहा था। शाहरुख खान के खिलाफ लगातार बयान दिए जा रहे थे। दरअसल, विवाद की जड़ में बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा की घटनाएं हैं।

हाल के महीनों में बांग्लादेश से आई इन खबरों ने भारत में चिंता बढ़ाई है। इन्हीं घटनाओं का हवाला देते हुए भाजपा और शिवसेना के कई नेताओं ने IPL में बांग्लादेशी खिलाड़ी को खेलने देने पर सवाल खड़े किए थे।

KKR को रिप्लेसमेंट की अनुमति

विवाद को बढ़ता देख BCCI ने इस मामले में हस्तक्षेप किया और KKR को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया। BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, हाल ही में देश भर में चल रहे घटनाक्रमों के मद्देनजर, BCCI ने KKR फ्रेंचाइजी को निर्देश दिया है कि वे अपने एक खिलाड़ी, बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दें। BCCI ने यह भी कहा है कि यदि KKR किसी रिप्लेसमेंट की मांग करता है, तो BCCI उसे इसकी अनुमति देगा।

नीलामी में KKR ने खरीदा था

आईपीएल 2026 के लिए दिसंबर में खिलाड़ियों की मिनी नीलामी हुई थी। इस दौरान KKR ने मुस्तफिजुर को अपनी टीम में खरीदा था। शाहरुख खान की स्वामित्व वाली KKR ने मुस्तफिजुर को लेने के लिए 9.20 करोड़ रुपये खर्च किए थे। मुस्तफिजुर का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था।

मुस्तफिजुर को लेने के लिए KKR और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच होड़ देखने मिली थी और अंत में KKR मोटी कीमत पर इस बांग्लादेशी खिलाड़ी को लेने में सफल रहा था। हालांकि, मुस्तफिजुर को खरीदने के बाद से ही KKR और शाहरुख पर निशाना साधा जाने लगा था।

संगीत सोम ने क्या बोला था

KKR ने मुस्तफिजुर को अपनी टीम में खरीदा था। जिसके बाद भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने ने फिल्म अभिनेता शाहरुख खान पर सीधा हमला बोला। संगीत सोम ने अभिनेता को गद्दार बताते हुए कहा कि देश ने उन्हें पहचान दी है और अब ऐसे लोगों की देश को जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं को प्रताड़ित किया जा रहा है, उनकी हत्या की जा रही है, उन्हें मारा-पीटा जा रहा है। वहां के खिलाड़ियों को खरीदना देशद्रोह है।