औरैया: दिबियापुर के ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय अंतर सदनीय क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न
उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर शहर के प्रसिद्ध ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय अंतर सदनीय क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर शहर के प्रसिद्ध ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय अंतर सदनीय क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों- भगत, बोस, आजाद और तिलक हाउस- ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के लीग मैच 24 अप्रैल की शाम को खेले गए। पहले मुकाबले में भगत हाउस और बोस हाउस आमने-सामने थे, जिसमें बोस हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में नैतिक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए दो विकेट हासिल किए।
दूसरे लीग मैच में आजाद हाउस और तिलक हाउस के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें तिलक हाउस ने 19 रनों से जीत हासिल की। इस मैच में निश्चल ने सर्वाधिक रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
लीग मुकाबलों के बाद फाइनल मैच बोस हाउस और तिलक हाउस के बीच 24 अप्रैल को प्रातः 7:30 बजे खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंततः बोस हाउस ने 18 रनों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। तिलक हाउस को उपविजेता घोषित किया गया।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए मिस्टर ताहिर को ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। उन्होंने कुल 6 विकेट लिए और मात्र 20 रन दिए।
प्रतियोगिता के दौरान लक्ष्य, नैतिक, पियूष, प्रिंस, मुदस्सिर, रघुराज, अनंत और शेषनारायण सहित कई खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं, मैच के दौरान आयुष चौहान ने अपनी प्रभावशाली कमेंट्री से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम का आनंद अभिभावकों ने भी लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक महोदय ने ऐसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इससे छात्रों में खेल भावना और टीम वर्क की भावना विकसित होती है।
प्राचार्य राजेश मिश्रा ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए छात्रों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

Janmat News 
