हरदोई तहसील में विजिलेंस का छापा, 20 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार; मचा हड़कंप

उप्र के हरदोई जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई से शुक्रवार को हरदोई सदर तहसील में हड़कंप मच गया।

हरदोई तहसील में विजिलेंस का छापा, 20 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार; मचा हड़कंप
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई से शुक्रवार को हरदोई सदर तहसील में हड़कंप मच गया।

यहाँ लखनऊ से आई विजिलेंस टीम ने अहिरोरी सर्किल में तैनात राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) कमल किशोर को कथित तौर पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है यह कार्रवाई जमीन के नक्शा दुरुस्तीकरण के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद की गई है।

जानकारी के मुताबिक, एक शिकायतकर्ता अपनी जमीन के नक्शे में दुरुस्तीकरण का काम कराने के लिए संबंधित कार्यालय के चक्कर लगा रहा था।आरोप है कि काम कराने के एवज में उससे 20 हजार की रिश्वत मांगी जा रही थी। लगातार परेशान होने के बाद शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत लखनऊ विजिलेंस से की।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और आरोपों की पुष्टि के लिए जाल बिछाया और तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर कानूनगो के पास भेजा गया। जैसे ही कथित तौर पर 20 हजार की रकम का लेनदेन हुआ,पहले से मुस्तैद विजिलेंस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक कमल किशोर को पकड़ लिया।

विजिलेंस की अचानक कार्रवाई से तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टीम आरोपी राजस्व निरीक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई।बताया जा रहा है कि कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत की गई है।

हालांकि मामले में रिश्वत लेने के आरोपों और कार्रवाई से जुड़ी अंतिम स्थिति विजिलेंस की आधिकारिक रिपोर्ट एवं जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।विजिलेंस की इस कार्रवाई को तहसील स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।