अयोध्या: 13 महीने पहले गायब कैब मालिक की हत्या का खुलासा, पांच लोग थे शामिल; सभी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के अयोध्या जनपद के ब्लाइंड मर्डर कैब मालिक अजीत गुप्ता की हत्या का अयोध्या पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के अयोध्या जनपद के ब्लाइंड मर्डर कैब मालिक अजीत गुप्ता की हत्या का अयोध्या पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या में पांच लोग शामिल थे, जिनमें चार को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि एक पहले से जेल में बंद है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र, अयोध्या के निवासी कैब मालिक अजीत गुप्ता 13 महीने पहले रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। 23 नवंबर 2024 को अजीत गुप्ता की पत्नी सुमन गुप्ता ने अयोध्या कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के अनुसार अपराधियों ने कैब लूटने की नीयत से अजीत गुप्ता से कैब बुक कराई थी। गोरखपुर के थाना कैंपियरगंज क्षेत्र में अजीत गुप्ता की हत्या की गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने गले की चेन, अंगूठी और कैब लूट ली। शव को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के थाना सकरा क्षेत्र में फेंक दिया गया। मुजफ्फरपुर पुलिस ने शव को बरामद किया और 72 घंटे बाद अज्ञात मानकर पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
अपराधियों ने कैब को बिहार के दरभंगा जिले में लावारिस हालत में छोड़ दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। हत्या में पांच आरोपी शामिल थे, जिनमें चार गिरफ्तार और एक पहले से जेल में बंद है।

Janmat News 
