हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज। जनपद हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र में एक मामूली सड़क हादसे के बाद भड़की हिंसा ने भयावह रूप ले लिया। ढोलिया गांव में एक बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत के बाद गुस्से और बदले की भावना में अंधे होकर लोगों ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया, जिसमें दो सगे भाइयों की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार ढोलिया गांव निवासी 70 वर्षीय देवी सहाय पांडेय की पिकअप डाला की टक्कर से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मृतक के परिजन आक्रोशित हो उठे और उन्होंने दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया। हमले में शिवम और अमन नाम के दो सगे भाइयों को गंभीर रूप से पीटा गया। घटना में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच 28 मार्च की रात करीब 3:30 बजे सुरसा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन आरोपी मोटरसाइकिल से बिलग्राम की ओर भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मझिला पुल के पास घेराबंदी कर दी।
पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में अतुल पांडेय और अनूप पांडेय के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए। वहीं तीसरे आरोपी नीरज पांडेय को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर और 12 बोर के तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखे और हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद की है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। घायल आरोपियों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई तेजी से की जा रही है।