दिबियापुर रोडवेज बस स्टैंड के संचालन को लेकर परिवहन मंत्री ने दिए निर्देश, जल्द शुरू होने की उम्मीद
स्थानीय लोगों की मांग है कि दिबियापुर से लखनऊ, दिल्ली, मथुरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और झांसी जैसे प्रमुख शहरों के लिए रोडवेज बसों का संचालन जल्द शुरू किया जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
दिबियापुर/औरैया/जनमत न्यूज। औद्योगिक नगर दिबियापुर में करीब 6.30 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक रोडवेज बस स्टैंड के जल्द विधिवत संचालन की उम्मीद बढ़ गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा द्वारा इस संबंध में परिवहन मंत्री से मुलाकात कर ध्यानाकर्षण कराए जाने के बाद मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा ने लखनऊ पहुंचकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से भेंट की और दिबियापुर में बने रोडवेज बस स्टैंड की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड का निर्माण होने के बावजूद वहां आवश्यक सुविधाओं और स्टाफ की कमी के कारण इसका विधिवत संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के महाप्रबंधक अनिल कुमार को बुलाकर बस स्टैंड के संचालन में आ रही समस्याओं को जल्द दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न प्रमुख रूटों पर रोडवेज बसों का संचालन शुरू कराने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा।
गौरतलब है कि दिबियापुर में निर्मित इस आधुनिक रोडवेज बस स्टैंड का लोकार्पण जनपद भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जा चुका है, लेकिन अब तक जरूरी स्टाफ की तैनाती और अन्य व्यवस्थाओं के अभाव में इसका नियमित संचालन शुरू नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि दिबियापुर से लखनऊ, दिल्ली, मथुरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और झांसी जैसे प्रमुख शहरों के लिए रोडवेज बसों का संचालन जल्द शुरू किया जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। परिवहन मंत्री के निर्देश के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बस स्टैंड से बसों का संचालन प्रारंभ हो सकेगा।

Janmat News 
