उरई में नवनिर्मित शहीद स्मारक पार्क की दीवार धराशायी, गुणवत्ता पर सवाल; जिम्मेदार मौन
नगर पालिका परिषद उरई की ओर से शहीद स्मारक पार्क में कराए जा रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर पहली ही बारिश में सवाल खड़े हो गए हैं।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। नगर पालिका परिषद उरई की ओर से शहीद स्मारक पार्क में कराए जा रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर पहली ही बारिश में सवाल खड़े हो गए हैं।
करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पार्क की बाउंड्रीवाल बारिश के बाद धराशायी हो गई यही नहीं दीवार कई जगह फटी हुई है जिसको साफ देखा जा सकता। दीवार गिरने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उसकी निगरानी व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है।
बताया जा रहा है कि शहीद स्मारक पार्क के निर्माण में बाउंड्रीवाल भी शामिल है। बारिश के बाद दीवार का एक हिस्सा गिरने से स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण होता तो सामान्य बारिश में दीवार इस तरह नहीं गिरती।
वहीं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील ने दीवार गिरने के मामले में अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि जो बाउंड्रीवाल गिरी है, वह पिछले कार्यकाल में बनाई गई थी। उनके कार्यकाल में निर्माण कार्य शुरू हुआ, उस समय यह दीवार पहले से खड़ी थी।
गौरतलब है कि नगर पालिका के कुछ सभासद पूर्व में अधिशासी अधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा चुके हैं, जिसकी जांच भी चल रही है। ऐसे में निर्माणाधीन पार्क की दीवार के बारिश में गिरने से आरोपों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
स्थानीय लोगों ने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि जनता के धन से हो रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।




