मुजफ्फरनगर में हत्या के वांछित आरोपी का एनकाउंटर, गोली लगने से घायल; तमंचा और कारतूस बरामद
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र में पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने हत्या के मामले में वांछित आरोपी शुभम उर्फ हरिओम को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र में पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने हत्या के मामले में वांछित आरोपी शुभम उर्फ हरिओम को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को पिन्ना गांव के पास शामली रोड पर सुभाष पुत्र रणवीर निवासी किनौनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने इससे पहले एक नामजद आरोपी बंटी उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी।
पुलिस के मुताबिक 23/24 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड में वांछित आरोपी बुढ़ाना-शाहपुर मार्ग से कहीं भागने की फिराक में है। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर जंगल की ओर भागने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में शुभम उर्फ हरिओम घायल हो गया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले में थाना कोतवाली नगर पर मु0अ0सं0 424/2026 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के विस्तृत आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।



