औरैया में प्रो. रामगोपाल यादव ने किया विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन, SIR मुद्दे पर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

प्रो. यादव ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर दबाव बनाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका आरोप था कि लखनऊ से यह तय कराकर भेजा जा रहा है कि किसे वोट देना है और किसका वोट काटना है,

औरैया में प्रो. रामगोपाल यादव ने किया विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन, SIR मुद्दे पर भाजपा सरकार पर साधा निशाना
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —

औरैया/जनमत न्यूज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव के औरैया आगमन पर कार्यकर्ताओं और आयोजकों ने उनका भव्य स्वागत किया। बल्लापुर स्थित विवेकानंद इंटर कॉलेज, नगला भोज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यालय में नवस्थापित भौतिक विज्ञान एवं रासायनिक विज्ञान प्रयोगशाला का विधिवत उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह में प्रो. रामगोपाल यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए विज्ञान शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार की सुविधाओं का विस्तार होना शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देगा।

राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए प्रो. यादव ने SIR प्रक्रिया को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर दबाव बनाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका आरोप था कि लखनऊ से यह तय कराकर भेजा जा रहा है कि किसे वोट देना है और किसका वोट काटना है, तथा यह कार्य जिला अधिकारियों के माध्यम से कराया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाजवादी पार्टी इस प्रकार की किसी भी कथित धांधली को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी के PDA प्रहरी बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक पूरी प्रक्रिया पर पैनी नजर रखेंगे।

UGC से जुड़े मामले पर उन्होंने कहा कि यह न्यायालय के निर्णय का विषय है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो पार्टी इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ने से पीछे नहीं हटेगी।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र यादव, विद्यालय प्रबंधक ध्रुव यादव सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।