Year 2025: ‘छावा’ व ‘धुरंधर’ के दम पर बॉलीवुड ने भरी हुंकार, पिछले साल से 15 फीसदी ज्यादा हुई कमाई

पिछले कुछ वर्षों में ओटीटी का दबाव काफी बढ़ गया था और थिएटरों में भीड़ कम हो रही थी। साउथ की फिल्मों का असर भी लगातार दिखाई दे रहा था।

Year 2025: ‘छावा’ व ‘धुरंधर’ के दम पर बॉलीवुड ने भरी हुंकार, पिछले साल से 15 फीसदी ज्यादा हुई कमाई
Published By- Diwaker Mishra

मुंबई/जनमत न्यूज़। पिछले कुछ वर्षों में ओटीटी का दबाव काफी बढ़ गया था और थिएटरों में भीड़ कम हो रही थी। साउथ की फिल्मों का असर भी लगातार दिखाई दे रहा था। इसी वजह से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे थे, लेकिन 2025 में स्थिति बदल गई। ऑडियंस दोबारा सिनेमाघरों की तरफ लौटे और कई फिल्मों ने उम्मीद से ज्यादा कमाई की।

'छावा' ने की थी धांसू शुरुआत

साल की शुरुआत में रिलीज हुई 'छावा' ने करीब 797 करोड़ रुपये की वर्ल्डवाइड कमाई की। इसकी कहानी और भावनात्मक अंदाज को ऑडियंस ने पसंद किया। इस फिल्म ने साल की शुरुआत में ही बता दिया था कि अच्छी फिल्में ही थिएटर में चलेंगी।

'सैयारा' से हुई रोमांस की वापसी

जुलाई 2025 में रिलीज हुई 'सैयारा' सरप्राइज हिट साबित हुई। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 579 करोड़ रुपये कमाए। अहान पांडे और अनीत पड्डा जैसे न्यूकमर्स से सजी टीनएज लवस्टोरी पर केंद्रित इस फिल्म से हिंदी सिनेमा में रोमांटिक फिल्मों की वापसी हुई।

'धुरंधर' बनी साल की सबसे बड़ी हिट

2025 के अंत में रिलीज हुई 'धुरंधर' ने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी। 5 दिसंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1100 करोड़ रुपये कमा लिए हैं और इसकी कमाई अभी भी थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं देश भर में अब तक 741.90 करोड़ रुपये कमाकर यह साल की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बन गई।

बाकी फिल्मों का ऐसा रहा हाल

इन तीन फिल्मों के अलावा इस साल 'महावतार नरसिम्हा', 'वॉर 2', ‘सितारे जमीन परऔर रेड 2जैसी फिल्मों ने भी जबरदस्त कारोबार किया। 'वार 2' ने जहां 351 करोड़ रुपये कमाए, वहीं 'महावतार नरसिम्हा' ने एनिमेटेड फिल्मों में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया जो लंबे वक्त तक कायम रहेगा। फिल्म ने दुनियाभर में 326 करोड़ का कारोबार किया। 'सितारे जमीन पर' और 'रेड 2' ने 240 से 300 करोड़ रुपये की रेंज में स्थिर कारोबार किया।

जारी रहा साउथ की फिल्मों का असर

2025 में एक तरफ जहां हिंदी फिल्मों ने बड़ी कमाई की। वहीं साउथ की भी कई फिल्मों ने प्रभावी प्रदर्शन किया। 'कांतारा: अ लीजेंड चैप्टर 1' ने हिंदी में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए। वहीं ग्लोबली इस फिल्म ने लगभग 900 करोड़ रुपये कमाए। इसके अलावा कुली, लोका, एल2 एम्पुरान और थुडारम समेत कई फिल्मों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।

पिछले साल से बेहतर हुई कमाई

साल 2025 में हिंदी फिल्मों ने भारत में लगभग 4,325 करोड़ नेट की कमाई की। टैक्स से पहले का कुल ग्रॉस 5,097 करोड़ रहा। विदेशों से करीब 1,105 करोड़ रुपये जुड़ गए। इससे हिंदी फिल्मों की कुल वर्ल्डवाइड कमाई 6,202 करोड़ के आसपास बैठती है। यह पिछले साल से करीब 15 फीसदी ज्यादा है।

दिसंबर में रिलीज हुई धुरंधरकी कमाई लगातार बढ़ने से यह आंकड़ा और ऊपर जा सकता है। इसके मुकाबले 2024 कमजोर रहा था। उस साल हिंदी फिल्मों की नेट कमाई करीब 4,000 करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाई थी।