नववर्ष पर एटा पुलिस हाई अलर्ट: होटल-ढाबों से स्टेशनों तक सघन चेकिंग, पैदल मार्च से दिलाया सुरक्षा का भरोसा
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने एटा के मुख्य मार्गों, होटल-ढाबों, रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा जांच की। इस दौरान डॉग स्क्वॉड टीम भी सक्रिय रही और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई।
एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —
एटा/जनमत न्यूज। नए साल के आगमन को देखते हुए एटा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चला रखा है। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने एटा के मुख्य मार्गों, होटल-ढाबों, रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा जांच की। इस दौरान डॉग स्क्वॉड टीम भी सक्रिय रही और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई।
चेकिंग अभियान के दौरान एएसपी के साथ क्षेत्राधिकारी सिटी राजेश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप सिंह मौजूद रहे। पुलिस ने शहर में पैदल गश्त करते हुए नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और संभावित आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त पहरेदारी की। अलीगंज, जलेसर, अवागढ़, जैथरा, मारहरा, सकीट और निधौली सहित कस्बों और शहरी क्षेत्रों में यह अभियान जारी रहा। बस अड्डों और होटल परिसर सहित CCTV कैमरों की तकनीकी जांच भी पुलिस द्वारा की गई ताकि हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके।
पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि नया साल शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने या गलत सूचना प्रसारित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस कर्मियों को अतिरिक्त ड्यूटी पर लगाया गया है और सभी को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे ने बताया कि नए साल के अवसर पर होटलों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होने की संभावना है, ऐसे में सुरक्षा की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और निरंतर निगरानी जारी है ताकि किसी भी प्रकार का अप्रिय हादसा न होने पाए।
पैदल गश्त एवं चेकिंग के दौरान क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह, सीओ संकल्पदीप, थाना प्रभारी नगर प्रेमपाल सिंह, थाना प्रभारी कोतवाली देहात विनोद कुमार सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम अजब सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात रहे।

Janmat News 
