मालवीय पुल से युवक ने गंगा में लगाई छलांग, NDRF और पुलिस ने बचाई जान
रेस्क्यू अभियान में आदमपुर चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार पांडेय और NDRF की टीम की अहम भूमिका रही। युवक को सुरक्षित निकालने के बाद प्राथमिक उपचार दिया गया
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —
चन्दौली/जनमत न्यूज। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में राजघाट स्थित मालवीय पुल पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक पुल के ऊपरी ढांचे पर चढ़ गया। घंटों की मशक्कत के बाद युवक ने अचानक गंगा में छलांग लगा दी, लेकिन मौके पर मौजूद रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसकी जान बचा ली।
यह घटना आदमपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। युवक को पुल के ऊपरी हिस्से पर चढ़ा देख वहां भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए पुल पर यातायात भी प्रभावित हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवक को समझाने की कोशिश की, वहीं पुल के नीचे गंगा में नाव के साथ रेस्क्यू की पूरी तैयारी कर ली गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक असामान्य व्यवहार कर रहा था और नीचे उतरने को तैयार नहीं था। काफी देर तक समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना तो उसने अचानक गंगा में छलांग लगा दी। पहले से अलर्ट राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और पुलिस की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू अभियान में आदमपुर चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार पांडेय और NDRF की टीम की अहम भूमिका रही। युवक को सुरक्षित निकालने के बाद प्राथमिक उपचार दिया गया और उसे कबीरचौरा मंडलीय चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है ताकि इस कदम के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक तौर पर मानसिक तनाव या नशे की आशंका जताई जा रही है। साथ ही पुलिस युवक की पहचान करने में भी जुटी हुई है।


