NEET UG 2026 फीस रिफंड प्रक्रिया शुरू, 27 मई तक जमा करें बैंक डिटेल; NTA ने जारी किया नोटिस
NTA ने NEET UG 2026 परीक्षा फीस रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीदवार 27 मई रात 11:50 बजे तक बैंक खाते की जानकारी जमा कर सकते हैं। जानें रिफंड का पूरा प्रोसेस और जरूरी निर्देश।
जनमत न्यूज़:- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा शुल्क रिफंड को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। एजेंसी ने पात्र उम्मीदवारों के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर फीस रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने बैंक खाते की जानकारी जमा कर सकते हैं।
एनटीए के मुताबिक, बैंक डिटेल सबमिट करने की अंतिम तारीख 27 मई रात 11:50 बजे निर्धारित की गई है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
रिफंड के लिए पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई सुविधा
NTA ने बताया कि यह सुविधा उन सभी उम्मीदवारों के लिए उपलब्ध है जो परीक्षा शुल्क वापसी के पात्र हैं। अभ्यर्थियों को अपने लॉगिन क्रेडेंशियल की मदद से NEET UG रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर लॉगिन करना होगा। इसके बाद रिफंड लिंक पर क्लिक कर बैंक खाते का विवरण भरना होगा।
X प्लेटफॉर्म पर दी जानकारी
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उम्मीदवारों के लिए बैंक खाते का विवरण जमा करने हेतु विशेष सुविधा शुरू की गई है। एजेंसी ने उम्मीदवारों से सही जानकारी दर्ज करने की अपील की है ताकि रिफंड प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।
कैंसिल चेक अपलोड करने का भी विकल्प
एनटीए के अनुसार, उम्मीदवार चाहें तो बैंक खाते की जानकारी सत्यापित करने के लिए कैंसिल चेक भी अपलोड कर सकते हैं। हालांकि, यह पूरी तरह वैकल्पिक है और इसे अनिवार्य नहीं किया गया है।
एक बार जमा होने के बाद नहीं बदलेगी जानकारी
एजेंसी ने साफ किया है कि एक बार बैंक डिटेल जमा होने के बाद उसमें किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा। इसलिए उम्मीदवारों को सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरने की सलाह दी गई है। साथ ही अनुलग्नक-I में मांगी गई सभी जरूरी जानकारियां देना अनिवार्य होगा।
22 मई से सक्रिय है रिफंड सुविधा
NTA ने बताया कि रिफंड पोर्टल 22 मई से सक्रिय है और 27 मई रात 11:50 बजे तक खुला रहेगा। इसके अलावा उम्मीदवारों को परीक्षा शुल्क को लेकर किसी भी प्रकार का चार्जबैक रिक्वेस्ट शुरू न करने की सलाह भी दी गई है।
अगले साल CBT मोड में हो सकती है परीक्षा
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने आगामी पुनर्परीक्षा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संकेत मिले हैं कि भविष्य में NEET UG परीक्षा को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में आयोजित किया जा सकता है, ताकि अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।


