'भारत को दुरुस्त करने की जरूरत', अमेरिका के साथ तनाव के बीच ट्रंप के मंत्री का बयान
अमेरिका-भारत व्यापार तनाव के बीच ट्रंप के कॉमर्स सेक्रेटरी हावर्ड ल्यूटनिक ने कहा कि भारत जैसे देशों को दुरुस्त करने की जरूरत है।

डिजिटल डेस्क, जनमत न्यूज:-अमेरिका और भारत के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कॉमर्स सेक्रेटरी हावर्ड ल्यूटनिक का विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि भारत और ब्राजील जैसे देशों को "दुरुस्त करने की जरूरत है" और अमेरिका के लिए अपने बाजार खोलने चाहिए।
बीते महीने अमेरिका ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया था। यह किसी भी देश पर लगाए गए टैरिफ में सबसे अधिक है। इस कदम के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और गहरा गया है। हालांकि, अमेरिका और भारत फिर से ट्रेड डील पर बातचीत कर रहे हैं।
अमेरिकी न्यूज चैनल न्यूज नेशन से बातचीत में ल्यूटनिक ने कहा:"भारत, ब्राजील, स्विटजरलैंड और ताइवान जैसे देशों को आने वाले समय में दुरुस्त करना होगा, क्योंकि अमेरिका के साथ उनके व्यापारिक मुद्दे अब तक हल नहीं हुए हैं।"
उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर ये देश अमेरिकी उपभोक्ताओं को अपने उत्पाद बेचना चाहते हैं, तो उन्हें राष्ट्रपति ट्रंप की नीतियों के साथ सहयोग करना होगा।
अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले सामानों पर 50% शुल्क लगाया है। इसमें रूसी तेल खरीद पर लगाया गया 25% अतिरिक्त टैक्स भी शामिल है।
अमेरिका का आरोप है कि भारत रूस से तेल खरीदकर अप्रत्यक्ष रूप से यूक्रेन युद्ध में रूस की मदद कर रहा है। हालांकि, भारत ने यह साफ किया है कि उसकी ऊर्जा नीति राष्ट्रीय हित और बाजार की परिस्थितियों पर आधारित है।