चंदौली: विंध्य एक्सप्रेसवे के विरोध में मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, परियोजना को निरस्त करने की मांग

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना के विरोध में चंदौली जनपद के किसानों एवं मजदूरों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन भेजकर परियोजना को निरस्त करने की मांग की है।

चंदौली: विंध्य एक्सप्रेसवे के विरोध में मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, परियोजना को निरस्त करने की मांग
Published By- Diwaker Mishra

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चंदौली/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना के विरोध में चंदौली जनपद के किसानों एवं मजदूरों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन भेजकर परियोजना को निरस्त करने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे चंदौली विकासखंड के दो दर्जन से अधिक गांवों से होकर गाजीपुर तक प्रस्तावित है, जिसका ग्रामीण और किसान विरोध कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि एक्सप्रेसवे के निर्माण से उनकी उपजाऊ कृषि भूमि अधिग्रहित हो जाएगी, जिससे उनकी आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न होगा।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि प्रस्तावित मार्ग के पूर्व दिशा में एनएच-219बी तथा पश्चिम दिशा में भरतमाला परियोजना पहले से मौजूद है। ऐसे में एक और एक्सप्रेसवे की आवश्यकता समझ से परे है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित मार्ग के बीच कर्मनाशा, चंद्रप्रभा और गड़ई नदी जैसी प्रमुख नदियां पड़ती हैं।

बरसात के दौरान इन नदियों में बाढ़ आने से पुल निर्माण चुनौतीपूर्ण होगा। इससे परियोजना की लागत बढ़ने के साथ-साथ किसानों की खेती और रहन-सहन भी प्रभावित होगा। किसानों ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी स्थिति में अपनी भूमि एक्सप्रेसवे के लिए देने को तैयार नहीं हैं।