सोशल मीडिया की दोस्ती के आगे 16 साल का रिश्ता टूटा, तीन बच्चों को छोड़कर युवक के साथ गई महिला

अनीता घर से जाते समय करीब एक किलो चांदी, सोने के झाले और लगभग 50 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई। परिवार ने उसे तीन बच्चों—14 वर्ष की बेटी और 12 व 9 वर्ष के दो बेटों—का हवाला देकर वापस आने के लिए काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह तैयार नहीं हुई।

सोशल मीडिया की दोस्ती के आगे 16 साल का रिश्ता टूटा, तीन बच्चों को छोड़कर युवक के साथ गई महिला
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। Hardoi जिले के पिहानी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के चलते एक परिवार बिखरने का मामला सामने आया है। अब्दुल्ला नगर इलाके की रहने वाली एक महिला कथित रूप से अपने सोशल मीडिया मित्र के साथ घर छोड़कर चली गई, जिससे उसका 16 साल पुराना वैवाहिक रिश्ता संकट में पड़ गया और पीछे पति के साथ तीन छोटे बच्चे रह गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय अनीता को फेसबुक और इंस्टाग्राम पर रील बनाने का शौक था। इसी दौरान उसकी पहचान गौरव नाम के युवक से हुई, जो स्वयं भी सोशल मीडिया पर रील बनाता था। दोनों के बीच लाइक, कमेंट और चैट के माध्यम से बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे काफी आगे बढ़ गई।

महिला के पति सत्यपाल के अनुसार 12 मार्च की रात उसे पत्नी की गतिविधियों पर संदेह हुआ। अनीता कमरे का दरवाजा बंद कर हेडफोन लगाकर देर रात तक किसी से बात कर रही थी। जब उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो वह गुस्से में बाहर आई और मोबाइल फोन जमीन पर पटक दिया। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन अगले दिन सुबह उसने दवाई लेने का बहाना बनाया और घर से निकल गई, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी।

सत्यपाल का कहना है कि अनीता अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई थी। बाद में उन्होंने सिम कार्ड दूसरे फोन में लगाकर उस नंबर पर कॉल किया, जिससे वह अक्सर बात करती थी। पहले तो गौरव ने खुद को अनजान बताया, लेकिन कुछ देर बाद उसी नंबर से कॉल आई और दूसरी तरफ अनीता थी। सत्यपाल ने उससे घर लौट आने और बच्चों का ख्याल करने की गुहार लगाई, लेकिन उसने साफ कह दिया कि वह अब उसी युवक के साथ रहना चाहती है।

परिजनों के अनुसार अनीता घर से जाते समय करीब एक किलो चांदी, सोने के झाले और लगभग 50 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई। परिवार ने उसे तीन बच्चों—14 वर्ष की बेटी और 12 व 9 वर्ष के दो बेटों—का हवाला देकर वापस आने के लिए काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह तैयार नहीं हुई।

घटना से परेशान होकर सत्यपाल ने पिहानी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है। वहीं गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को लेकर चिंता भी जता रहे हैं।