मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, सड़क पर दो पक्षों में जमकर मारपीट; वीडियो वायरल
सड़क पर किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आए, जबकि आसपास मौजूद लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद फतेहपुर में मामूली विवाद के चलते दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना सड़क पर हुई, जहां देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे। अचानक हुए इस बवाल से मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आए, जबकि आसपास मौजूद लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के दौरान कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
मारपीट की पूरी घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो किशनपुर थाना क्षेत्र के रायपुर भसरौल मजरे थूरियानी का बताया जा रहा है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी विवाद की स्थिति में पुलिस को सूचना दें।

Janmat News 
