ट्रेन में बम होने की सूचना से हड़कंप, भदोही स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन, घंटों चली सघन जांच
रेलवे कंट्रोल रूम में अजय नामक एक व्यक्ति ने फोन कर ट्रेन में बम होने की बात कही। सूचना मिलते ही रेलवे, जीआरपी और आरपीएफ के साथ-साथ स्थानीय पुलिस अलर्ट हो गई।
भदोही/जनमत न्यूज। मंगलवार दोपहर गोरखपुर–लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में बम होने की सूचना से रेलवे प्रशासन और यात्रियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ट्रेन को तत्काल भदोही रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। जैसे ही यात्रियों को स्थिति का अंदाजा हुआ, प्लेटफ़ॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, रेलवे कंट्रोल रूम में अजय नामक एक व्यक्ति ने फोन कर ट्रेन में बम होने की बात कही। सूचना मिलते ही रेलवे, जीआरपी और आरपीएफ के साथ-साथ स्थानीय पुलिस अलर्ट हो गई। दोपहर लगभग 1:40 बजे ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही सभी बोगियों को खाली कराया गया और प्लेटफॉर्म को सुरक्षा घेरा बनाकर सुरक्षित किया गया।
इसके बाद डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते और पुलिस टीमों ने प्रत्येक बोगी, यात्रियों के सामान और अन्य हिस्सों की एक-एक करके गहन जांच की। करीब तीन घंटे तक चली तलाशी में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
जांच पूरी होने के बाद शाम करीब 4:30 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह फर्जी सूचना प्रतीत हो रही है और फोन कॉल करने वाले शख्स की मोबाइल लोकेशन व नंबर के आधार पर जांच की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी बनारस के सीओ कुंवर प्रभात सिंह और भदोही के सीओ ट्रैफिक राजीव कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की।

Janmat News 
