हरदोई में 9.20 लाख लोगों को खिलाई जाएगी फाइलेरिया की दवा, 19 नवंबर से घर-घर चलेगा अभियान

उप्र के हरदोई जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग 19 नवंबर से सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान शुरू करने जा रहा है।

हरदोई में 9.20 लाख लोगों को खिलाई जाएगी फाइलेरिया की दवा, 19 नवंबर से घर-घर चलेगा अभियान
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट 

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग 19 नवंबर से सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान शुरू करने जा रहा है।

सात दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में करीब 9.20 लाख लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस बार उन लोगों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिन्होंने अब तक कभी दवा नहीं खाई है या पहले दवा लेने से इनकार किया है।

मंगलवार को एक निजी होटल में सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफार) के सहयोग से आयोजित मीडिया कार्यशाला में सीएमओ डॉ. अरविंद सचान ने बताया कि पहले जिले के 16 ब्लॉक फाइलेरिया संक्रमित थे, लेकिन अब केवल अहिरोरी, सांडी, बिलग्राम और कोथावां में ही अभियान चलाया जाएगा। इन चार ब्लॉकों में शत-प्रतिशत पात्र लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य है।

अभियान के लिए 912 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 1824 ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर शामिल हैं। ये स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को अपने सामने दवा खिलाएंगे। अभियान में एल्बेंडाजोल, डीईसी और आइवरमेक्टिन की दवाएं दी जाएंगी।

जिला मलेरिया अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि फाइलेरिया संक्रमित मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलता है। इसके लक्षण पांच से 12 साल बाद भी सामने आ सकते हैं। हाथ-पैर में सूजन और हाइड्रोसील इसकी गंभीर समस्याएं हैं।

कार्यशाला में फाइलेरिया मरीज राजकुमार गुप्ता ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए लोगों से दवा खाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एक भी पात्र व्यक्ति छूटा तो संक्रमण की कड़ी तोड़ना मुश्किल होगा।