पाक्सो व एससी-एसटी एक्ट के वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली, तमंचा-कारतूस बरामद
आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। प्रतापगढ़ जिले में पाक्सो एवं एससी-एसटी एक्ट के गंभीर मामले में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब एक बजे अंतू थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लोहंगपुर गांव के जंगल के पास पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को देखा। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय सोहेल पुत्र निजाम निवासी खमपुर, थाना अंतू के रूप में हुई है। आरोपी थाना अंतू में दर्ज एक मुकदमे में वांछित था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ पाक्सो एक्ट एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
घायल आरोपी को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की हालत खतरे से बाहर है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Janmat News 
