चाकू से युवती पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

घायल आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा भी बरामद किया गया है।

चाकू से युवती पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

लखीमपुर खीरी से लोकेन्द्र प्रताप की रिपोर्ट —

लखीमपुर खीरी/जनमत न्यूज। थाना खीरी क्षेत्र के नकहा चौकी अंतर्गत एक गांव की युवती पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान ज्ञानू यादव के रूप में हुई है, जो गैर जनपद भागने की फिराक में था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम युवती अपनी मां के साथ नकहा बाजार आई हुई थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ज्ञानू यादव ने युवती पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अमृतागंज नहर पटरी के पास मौजूद है और फरार होने की तैयारी में है। सूचना पर पहुंची थाना खीरी पुलिस ने आरोपी को घेरने का प्रयास किया, तभी आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी ज्ञानू यादव के पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा भी बरामद किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।