मिर्जापुर में रेलवे अंडरपास की मांग पर आर-पार की लड़ाई, रात में भी धरनास्थल पर डटे रहे ग्रामीण
उप्र के मिर्जापुर जनपद के राजगढ़ क्षेत्र के ग्राम रामपुर-38 में रेलवे अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार जारी है।
मिर्जापुर से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट
मिर्जापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के मिर्जापुर जनपद के राजगढ़ क्षेत्र के ग्राम रामपुर-38 में रेलवे अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार जारी है। शुक्रवार 9 अक्टूबर को अपनी वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की मांग को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीण रात में भी धरनास्थल पर डटे रहे।
दिन ढलने के बाद भी ग्रामीणों का हौसला कम नहीं हुआ और उन्होंने अपनी मांग को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे द्वारा वर्षों से इस्तेमाल किए जा रहे आवागमन मार्ग को बंद कर दिए जाने के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बाजार, अस्पताल, विद्यालय, बैंक, डाकघर और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण बन जाता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, रेलवे अंडरपास की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। पूर्व में भी इस समस्या को लेकर आंदोलन और अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इसी से नाराज होकर ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि रामपुर-38 में रेलवे अंडरपास का निर्माण उनकी प्रमुख मांग है और जब तक इस समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की अपील की है।
रात में भी धरनास्थल पर ग्रामीणों की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि अधिकारीयो मंत्री संत्री व विधायको सांसदो को फरियाद न सुनने के बाद कही से हल न निकलता देख अपनी लडाई खुद लड़ने का फैसला किया.
अब क्षेत्रवासी अपनी वर्षों पुरानी समस्या के समाधान के लिए निर्णायक संघर्ष के मूड में हैं। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन ग्रामीणों की मांग पर कब तक ठोस पहल करता है दो दिन के धरने से प्रशासन के हाथ पाव फुले मण्डला युक्त के निर्देश पर SDM मडिहान मौके पर पुलिस प्रशासन के साथ पहुच धरना शान्त कराया.



